अल-जज़ीरा के अनुसार, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, क़तर, मिस्र, तुर्की और पाकिस्तान समेत 18 मुस्लिम बहुल देशों के विदेश मंत्रियों ने दक्षिणी ग़ज़्ज़ा के ख़ान यूनिस स्थित नासिर मेडिकल कॉम्प्लेक्स पर इस्राईल के हवाई हमले की निंदा की है। इस हमले में एक सर्जन और एक बच्चे समेत कम से कम छह फ़िलिस्तीनियों की मौत हुई।
विदेश मंत्रियों ने एक साझा बयान जारी कर कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन है। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की जान खतरे में पड़ती है।
बयान में फ़िलिस्तीनी विस्थापितों पर इस्राईल के लगातार हमलों की भी निंदा की गई। मंत्रियों ने चेतावनी दी कि ऐसे हमलों से ग़ज़्ज़ा में युद्धविराम की प्रक्रिया कमजोर हो रही है।
18 देशों के विदेश मंत्रियों ने कहा कि इस्राईल मानवीय सहायता को ग़ज़्ज़ा में प्रवेश करने से रोक रहा है। इसमें चिकित्सा उपकरण और सर्दियों में लोगों को आश्रय देने के लिए जरूरी सामान भी शामिल हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि सर्दियों का मौसम करीब आने के साथ उचित आश्रय की कमी और पानी, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बिगड़ती स्थिति बच्चों और नवजात शिशुओं के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
मंत्रियों ने इस्राईल से युद्धविराम का पालन करने, मानवीय सहायता को बिना किसी रुकावट के ग़ज़्ज़ा पहुंचने देने और युद्धविराम समझौते के तहत अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका और ‘शांति परिषद’ से अपील की कि वे इस्राईल पर दबाव डालें, ताकि ग़ज़्ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने पर लगी पाबंदियां हटाई जा सकें।
आपकी टिप्पणी